
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर विवादित बयान को लेकर सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा को घेरा, कहा – कार्रवाई करे सरकार
लैंसडौन। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्यव्यापी परिवर्तन संकल्प यात्रा बुधवार को पौड़ी जनपद की लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र पहुंची, जहां हिन्दू पंचायती धर्मशाला में आयोजित विशाल जनसभा में भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए गए। प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, एआईसीसी सदस्य व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना तथा पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि लैंसडौन की जनता ने लगातार तीन बार एक ही विधायक पर भरोसा जताया, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ धोखा मिला। उन्होंने रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र की बदहाली का हवाला देते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि अब इस “भ्रष्ट व नकारा सरकार” को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेने का वक्त आ गया है।
सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार को निशाने पर लिया और महिला अपराधों के आंकड़ों में उत्तराखंड के हिमालयी राज्यों में शीर्ष पर पहुंचने पर चिंता जताई। उन्होंने लैंसडौन विधायक दिलीप रावत द्वारा स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के बारे में की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि साढ़े नौ वर्षों की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश का बंटाधार कर दिया है। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास नेगी ने क्षेत्र में ग्रामीणों पर हो रहे हमलों और सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए युवाओं, महिलाओं और किसानों के हक की लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में “परिवर्तन संकल्प पत्र” का लोकार्पण भी किया गया, जिसमें महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी को न्याय, युवा रोजगार, अग्निवीर योजना की समीक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, पलायन रोकथाम तथा जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया गया। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, महासचिव रघुवीर बिष्ट सहित सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Recent Comments