आंगनबाड़ी में सड़े-गले अंडे, एक्सपायर पोषाहार बांट रही सरकार? मंत्री रेखा आर्य की बर्खास्तगी की मांग, जन संघर्ष मोर्चा का हल्लाबोल

विकासनगर तहसील में प्रदर्शन कर मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा, घटिया गुणवत्ता के अंडे व बाल पोषाहार आपूर्ति पर मंत्री की भूमिका को बताया जिम्मेदार

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के निर्देश पर छोटे आकार के सड़े-गले अंडे और घटिया गुणवत्ता वाला बाल पोषाहार जबरन बंटवाए जाने का कड़ा विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार विवेक राजौरी को सौंपा।

मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को अंडों की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार अथर्व एंटरप्राइजेज द्वारा इतने छोटे और बाजार से अस्वीकृत अंडे भेजे जा रहे हैं कि उन्हें “अंडिया” कहना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने कहा कि कई अंडे फोड़ने पर उनसे दुर्गंध आती है, जो गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य से सीधा खिलवाड़ है। नेगी ने यह भी बताया कि कई बार दो-तीन महीने का कोटा एक साथ थोक में केंद्रों पर भेज दिया जाता है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल और गहरे हो जाते हैं।

नेगी ने आगे आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को मसूरी स्थित केंद्रीय भंडार के माध्यम से निम्न गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट पार कर चुका दलिया, सत्तू व भोग हलवा जैसा पोषाहार भी मंत्री के इशारे पर जबरन आपूर्ति किया जा रहा है। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि यह पोषाहार इतनी घटिया गुणवत्ता का है कि इसे कोई जानवर तक खाना पसंद नहीं करेगा, फिर भी इसे मासूम बच्चों को खिलाया जा रहा है।जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से मांग की कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सड़े-गले अंडे और निम्न गुणवत्ता वाले पोषाहार की आपूर्ति तत्काल बंद की जाए और इसके लिए जिम्मेदार मंत्री को मंत्रिमंडल से बाहर किया जाए।

प्रदर्शन एवं घेराव में विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, के.सी. चंदेल, राम सिंह तोमर, मुजीबुर रहमान, टीकाराम उनियाल, विनोद पड्डा, ब्लॉक अध्यक्ष भीम सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments