
श्रीनगर गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय (एच.एन.बी.जी.यू.) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑफलाइन रिपोर्टिंग और काउंसलिंग का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह काउंसलिंग प्रक्रिया प्रवेश का अंतिम और अनिवार्य चरण है। इसके माध्यम से जेईई (मेन)-2026 उत्तीर्ण और विश्वविद्यालय पोर्टल पर पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेजों का सत्यापन कर पारदर्शी तरीके से सीटों का आवंटन किया जाएगा।स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन, प्रोफेसर एम.एम.एस. रौथाण ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रवेश की यह पूरी प्रक्रिया चौरास परिसर स्थित कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में आयोजित की जाएगी।प्रोफेसर रौथाण द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों को 20 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे के बीच फिजिकल वेरिफिकेशन (भौतिक सत्यापन) के लिए रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। इसके बाद, अगले दिन 21 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे से मुख्य काउंसलिंग और सीट आवंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रवेश पूरी तरह से जेईई (मेन)-2026 के मेरिट स्कोर के आधार पर पांच प्रमुख इंजीनियरिंग शाखाओं में दिया जाएगा:
- कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग
- इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी
- इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
- इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग
- मैकेनिकल इंजीनियरिंग
इस अवसर पर काउंसलिंग प्रक्रिया की तैयारियों की जानकारी देते हुए काउंसलिंग समन्वयक और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर, श्री गम्भीर सिंह कठैत ने कहा, “हमने काउंसलिंग प्रक्रिया को पूरी तरह सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्रों की सहायता के लिए परिसर में मार्गदर्शन डेस्क भी स्थापित की जाएगी ताकि किसी भी अभ्यर्थी को दस्तावेज़ सत्यापन या सीट विकल्प चुनने में परेशानी न हो।”
डीन ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आरक्षण/श्रेणी दस्तावेज, स्व-प्रमाणित फोटोकॉपी के सेट और हालिया पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ साथ लाने होंगे। इसके साथ ही उन्होंने समय सीमा को लेकर यह उल्लेखित किया कि “सीट आवंटित होने के बाद, अभ्यर्थियों को 22 जुलाई 2026 को दोपहर 03:00 बजे तक हर हाल में ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करना होगा। नियत समय तक शुल्क न भरने की स्थिति में आवंटित सीट स्वतः ही निरस्त (कैंसिल) मान ली जाएगी।”
गढ़वाल क्षेत्र में मानसून के मौसम और पहाड़ी रास्तों की अनिश्चित स्थिति को ध्यान में रखते हुए, प्रोफेसर रौथाण ने दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को विशेष सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अंतिम समय की परेशानियों या भूस्खलन जैसी बाधाओं से बचने के लिए सभी छात्र अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और रिपोर्टिंग तिथि से कम से कम एक दिन पहले श्रीनगर गढ़वाल पहुंच जाएं।
यहां देखें प्रवेश सूचना



Recent Comments