
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गोद लिए गए 13 टीबी रोगियों को मासिक पोषण किट वितरित की।
इस दौरान राज्यपाल ने रोगियों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें नियमित दवा लेने, पौष्टिक आहार और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने कहा कि टीबी मुक्त भारत केवल स्वास्थ्य विभाग का काम नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता, जागरूकता, समय पर उपचार और पौष्टिक आहार से ही इस बीमारी पर नियंत्रण संभव है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस जन-अभियान से जुड़ें। “यदि प्रत्येक सक्षम नागरिक एक टीबी रोगी का निःक्षय मित्र बनकर उसके उपचार और पोषण में सहयोग करे, तो टीबी उन्मूलन अभियान को और गति मिलेगी।”
राज्यपाल ने बताया कि उनके द्वारा अब तक गोद लिए गए 79 टीबी रोगी पूरी तरह स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो चुके हैं। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने 13 नए रोगियों को भी गोद लिया है। इसके साथ ही राज्यपाल द्वारा निःक्षय मित्र के रूप में गोद लिए गए टीबी रोगियों की कुल संख्या 92 हो गई है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Recent Comments