
दशहरा ग्राउंड में मामूली कहासुनी बनी खूनी झगड़े की वजह, एसएसपी देहरादून की सख्ती से पौधा रोड से दबोचा गया आरोपी
देहरादून । कोतवाली प्रेमनगर क्षेत्र में दोस्ती के बीच हुई मामूली बहस ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
05 जुलाई को कोतवाली प्रेमनगर में वादी रजत मलिक ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका भाई कृष्णा अपने दोस्त शिवानंद बालियान के साथ मुजफ्फरनगर से देहरादून घूमने आया था। देहरादून भ्रमण के दौरान प्रेमनगर स्थित दशहरा ग्राउंड में शिवानंद ने कृष्णा को जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उसके पेट और जांघ पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर कोतवाली प्रेमनगर में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिसके बाद 06 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर आरोपी शिवानंद बालियान उर्फ शिवा को पौंधा रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और अपने दोस्त के साथ देहरादून घूमने आया था। दशहरा ग्राउंड के पास किसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई, जिसके बाद आवेश में आकर उसने अपने पास रखे धारदार हथियार से साथी पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्त: शिवानंद बालियान उर्फ शिवा पुत्र संजीव बालियान, निवासी ग्राम सिसौली, जनपद मुजफ्फरनगर, उम्र 20 वर्ष
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा (चौकी प्रभारी बिधौली), उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही, उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, कांस्टेबल श्रीकांत ध्यानी और कांस्टेबल रोबिन शामिल रहे।

Recent Comments