

दिन में रैकी-रात में चोरी: नशे के लिए करते थे वारदात
देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर गैंगस्टर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया है।
मामला 04 जुलाई का है, जब वादिनी श्रीमती सीता कुकरेती निवासी लेन नं. 1 भंडारी चौक ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर घर में रखी विदेशी करेंसी, सोने-चांदी की ज्वेलरी और नगदी चोरी कर ली है। इस पर पुलिस ने मु0अ0सं0 248/2026 धारा 305(a)/331(1) BNS में मुकदमा दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर 06 जुलाई की रात मोथरोवाला पुल के पास सपेरा बस्ती के पीछे से पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निसार अली उर्फ लोटा उर्फ मनीष उम्र 27 वर्ष निवासी आजाद कॉलोनी आईएसबीटी और नासिर उर्फ निन्ना उम्र 41 वर्ष निवासी ग्राम शापुर सहारनपुर हाल पता आजाद कॉलोनी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनका तरीका यह था कि दिन में अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद घरों की रैकी करते थे और रात में मौका देखकर नकबजनी कर देते थे।

पुलिस ने इनके पास से चोरी की गई इंडोनेशियन करेंसी, सफेद धातु की 3 जोड़ी पायजेब, 5 जोड़ी बिछुआ, बच्चे का ताबीज, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, ₹1700 नगदी, लेडीज पर्स के साथ ही घटना में प्रयुक्त आला नकब, लोहे की रोड, पेचकस, टॉर्च, चाकू, आरी, कटर और पिट्ठू बैग भी बरामद किए हैं।
जांच में पता चला कि दोनों अभियुक्त पूर्व में भी चोरी, नकबजनी और गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी सहित अन्य थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बाईपास उ0नि0 विनय मोहन द्विवेदी, कानि0 हितेश कुमार, कानि0 रिंकू कुमार और कानि0 नीरज सामन्त की टीम शामिल रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर बंद कर जाएं तो पड़ोसियों को सूचित करें और किसी संदिग्ध को देखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Recent Comments