

दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के अंतिम पड़ाव पर AICC महासचिव ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना, बदरीनाथ चढ़ावा चोरी और राम मंदिर प्रकरण पर भी उठाए तीखे सवाल
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के समापन अवसर पर देहरादून में पत्रकारों से रूबरू होते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि उत्तराखंड कांग्रेस संगठन पूरी तरह एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरने को तैयार है।
वेणुगोपाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है और सभी वरिष्ठ नेता एकसाथ मिलकर संगठन को धार देने के साथ-साथ चुनावी रणनीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के कामकाज से नाखुश है और अब बदलाव की मंशा बना चुकी है।
उन्होंने आगे बताया कि चुनाव से पहले कांग्रेस समाज के हर तबके तक अपनी पहुंच बनाएगी। इसके तहत पार्टी की घोषणापत्र समिति अलग-अलग वर्गों, संगठनों और आम जनता से संवाद कर उनके सुझावों को शामिल करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को घोषणापत्र का हिस्सा बनाएगी।

पत्रकार वार्ता में वेणुगोपाल ने अयोध्या स्थित राम मंदिर से संबंधित कथित चोरी प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने मांग रखी कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वरिष्ठ न्यायाधीश की देखरेख में कराई जानी चाहिए, जिससे जांच की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे।
इसके अलावा उन्होंने बदरीनाथ धाम के चढ़ावे में हुई चोरी की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि इतने समय बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में सरकार को जनता के सामने स्पष्ट रूप से जवाब देना चाहिए।
वेणुगोपाल ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर सरकार गंभीर रुख नहीं अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन तमाम मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और आने वाले चुनाव में इन्हें प्रमुख मुद्दा बनाकर सरकार को घेरेगी।

Recent Comments