महेंद्र भट्ट: मंदिर कांग्रेस के लिए राजनीति, भाजपा के लिए आस्था, कांग्रेस की विश्वसनीयता शून्य

देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस नेताओं के उत्तराखंड दौरे को राजनैतिक पाखंड करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि विचारहीन और मुद्दाविहीन कांग्रेस की विश्वसनीयता जनता की नजरों में शून्य है। वेणुगोपाल या राहुल गांधी के आने-जाने से कांग्रेस की किस्मत नहीं बदलने वाली।

श्री भट्ट ने मीडिया से बातचीत में कहा कि चुनावी वर्ष में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, खड़गे या वेणुगोपाल जो भी आते हैं, उनका दौरा केवल झूठ और भ्रम फैलाने वाले मुद्दों पर आधारित होता है। हर बार वही घिसे-पिटे मुद्दे उठाए जाते हैं, जिन्हें प्रदेश की जनता पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से कांग्रेस की एक ही रणनीति रही है – झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करना।

उन्होंने कटाक्ष किया कि कांग्रेस नेताओं का दौरा पार्टी की आंतरिक गुटबाजी पर पर्दा डालने का प्रयास है। सरकार पर झूठे आरोप लगाकर ये अपने कार्यकर्ताओं को दिन में सपने दिखाते हैं और जनता की आंखों में धूल झोंकते हैं।

अयोध्या और बद्रीनाथ से जुड़े आरोपों पर पलटवार करते हुए भट्ट ने कहा कि हमारी सरकार में सभी कार्य विश्वसनीयता के आधार पर होते हैं। आस्था और विश्वास से जुड़े मामलों में अपराधी जेल में हैं, चाहे वो अयोध्या के हों या बद्रीनाथ के। जांच जारी है और जो भी अधिकारी संलिप्त पाया जाएगा, उस पर पहले निलंबन और फिर कानून सम्मत कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए मंदिर का विषय राजनीति है, जबकि भाजपा के लिए यह आस्था और विश्वास का प्रश्न है। आस्था के साथ कोई समझौता नहीं हो सकता।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य विकास के नए आयाम गढ़ रहा है और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम हो रहा है। पेपर लीक मामले में सरकार ने कोई कोताही नहीं बरती है। आरोपी जेल भेजे जा रहे हैं और परीक्षाएं समय पर पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।

रोजगार के मोर्चे पर उन्होंने कहा कि धामी सरकार का कार्यकाल अद्वितीय है। सरकारी और गैर सरकारी दोनों क्षेत्रों में रोजगार के आंकड़े संतुष्टि दर्शाते हैं। कांग्रेस सरकारों में ट्रांसफर-पोस्टिंग एक इंडस्ट्री बन गई थी, जबकि अब नियमावली के अनुसार ट्रांसफर हो रहे हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए दुष्प्रचार कर रही है। घोषणा पत्र के नाम पर जनता के बीच जाने की नौटंकी हो रही है। लेकिन जनता भाजपा पर भरोसा करती है और 2027 में धामी सरकार निश्चित रूप से हैट्रिक बनाएगी।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments