

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने कराया पंजीकरण, सोलर लाइट से लेकर श्मशान घाट तक की मांगों पर तुरंत मिले निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल, सहसपुर में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के और अधिक निकट लाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि सरकार स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध कराए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया। देहरादून जनपद में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की तथा लगभग 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही मिला। उन्होंने बताया कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 4 जुलाई से शुरू हुए सेवा पखवाड़े में अब तक 64 हजार से अधिक नागरिकों ने प्रतिभाग किया है, जिनमें से प्राप्त 5,567 जनसमस्याओं में से 4,951 का समाधान सुनिश्चित किया गया।
शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों, शीतकालीन यात्रा और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे ऐतिहासिक आयोजन हुए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता लागू करने और सख्त नकल विरोधी कानून के जरिए 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी नियुक्तियां मिलने का भी जिक्र किया।

शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कई स्थानीय मांगों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। कारबारी ग्रांट निवासी सुमन बासकंडी की मांग पर एमडीडीए को 2 माह में 30 सोलर लाइट लगाने, बबली गुप्ता को उसी दिन सिलाई मशीन देने, सेलाकुईं के सभासद अनिल नौटियाल की मांग पर शहरी विकास निदेशालय को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। नंदन सिंह कंडारी की मांग पर भाऊवाला पुल किनारे श्मशान घाट के लिए एमडीडीए को दो माह की समयसीमा दी गई, जबकि यशपाल सिंह नेगी की बंदोबस्त संबंधी समस्या के लिए सचिव राजस्व को 15 दिन में समाधान के निर्देश मिले। इसके अलावा भगवानपुर बहुगुणा मार्ग में पार्क-ओपन जिम और ग्राम बडोवाला में डिस्पेंसरी-एंबुलेंस की मांगों पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के आदेश दिए गए।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुण्डीर, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments