

डीएम ने कहा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च, चैनलाइजेशन में तेजी के आदेश
स्यानाचट्टी, उत्तरकाशी। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भारी भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया था। इससे कई वाहन रास्ते में फंस गए थे और चारधाम यात्रा बाधित होने की स्थिति बन गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शनिवार को स्यानाचट्टी पहुंचे और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात शीघ्र बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर किया जाए और सभी आवश्यक संसाधन तत्काल मौके पर उपलब्ध कराए जाएं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद प्रशासन और संबंधित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक मार्ग को वाहनों के चलने योग्य बना दिया। अब वैकल्पिक मार्ग से फंसे हुए वाहनों को सुरक्षित रूप से निकाला जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिशासी अभियंता एनएच को स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज का कार्य एक सप्ताह में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत, बचाव एवं पुनर्बहाली कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से काम किया जाए।
उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। वैकल्पिक पैदल मार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर रस्सियों और सोलर लाइट सहित सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम करने को कहा गया।
डीएम ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी पर चल रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। नदी के प्रवाह को सुचारु रखने के लिए कार्यों में तेजी लाने और गढ़गाड़ क्षेत्र में बाधा बने मलबे को हटाने के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने मशीनों की संख्या बढ़ाकर संभावित जोखिम को न्यूनतम करने को भी कहा।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन हर स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और प्रभावित क्षेत्र में राहत, सुरक्षा एवं यातायात बहाली के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम बृजेश तिवारी, सीओ चंचल शर्मा, ईई सिंचाई पन्नी लाल, ईई एनएच मनोज रावत, डीडीएमओ शार्दूल गुस्साई, एसडीओ लोनिवि ध्वजवीर तोमर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments