

मसूरी में 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने पति को दिल्ली से गिरफ्तार किया। कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा।
मसूरी: मसूरी में पिछले महीने संदिग्ध परिस्थितियों में हुई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट मसूरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला, देहरादून भेजने के आदेश दिए।
मसूरी कोतवाली प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले की विवेचना के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी सोमयाजुला चरण, पुत्र एम. दुर्गा प्रसाद, निवासी मधु विहार, पूर्वी दिल्ली के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य सामने आए। इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट मसूरी से गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया गया। वारंट के अनुपालन में पुलिस टीम ने दिल्ली में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। वर्तमान में इस प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी मसूरी के स्तर पर जारी है।
क्या है मामला?
मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वाली 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री का विवाह 8 नवंबर 2025 को सोमयाजुला चरण से हुआ था। शादी के बाद दोनों उत्तराखंड घूमने आए थे। 13 जून को वे दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे और अगले दिन मसूरी पहुंचे। धनौल्टी रोड स्थित एक होम-स्टे में ठहरने के दौरान 15 जून की सुबह गायत्री का शव कमरे में मिला था।
घटना के समय पति ने पुलिस को बताया था कि दोनों ने रात में शराब पी थी और सो गए थे। सुबह उठने पर उसने पत्नी को कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा पाया। उसके अनुसार गायत्री की नाक से खून भी निकल रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब मृतका के पिता ने मसूरी पहुंचकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप दामाद पर लगाया। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। बाद में जिला प्रशासन ने भी पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी किए। अब पुलिस द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ रही है।

Recent Comments