

CUET-UG 2026 उत्तीर्ण छात्र समर्थ पोर्टल पर करें ऑनलाइन पंजीकरण, इंटीग्रेटेड एमबीए, बीए-एलएलबी सहित कई कोर्सेज में मिलेगा प्रवेश
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 में शामिल छात्र-छात्राएं 21 जुलाई की रात्रि तक विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय परिसरों एवं संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों के साथ-साथ इंटीग्रेटेड एमबीए, बीए-एलएलबी, लोक नृत्य डिप्लोमा तथा लोक संगीत डिप्लोमा में प्रवेश भी इसी प्रक्रिया के माध्यम से किए जाएंगे। गढ़वाल विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपीएस गुसांई ने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन से पूर्व संबंधित महाविद्यालय में पाठ्यक्रम की उपलब्धता एवं पात्रता की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित अवधि के भीतर अपलोड करने के साथ ही पंजीकरण शुल्क भी समय पर जमा करें। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से प्रवेश संबंधी सभी अद्यतन सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं समर्थ पोर्टल का नियमित रूप से अवलोकन करते रहने की अपील की है।

Recent Comments