मेलाधिकारी सोनिका का हर की पैड़ी दौरा, कांवड़ बाद युद्धस्तर पर शुरू होंगे कुंभ-2027 के काम 

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को हर की पैड़ी और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रही एवं प्रस्तावित पुनर्विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सुविधाएं देने के लिए सभी परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जरूरी है।

मेलाधिकारी सोनिका ने निर्देश दिए कि कांवड़ मेला संपन्न होते ही सभी निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने रोड़ीबेलवाला, दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग, आस्था पथ, एडमिन रोड, अलकनंदा घाट, भागीरथी घाट और शताब्दी पुल तक क्षेत्र का भ्रमण कर प्रगति देखी। यूआईआईडीबी, यूपीडीसीसी और पीएमयू के अधिकारियों से कार्ययोजना की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 के लिए बन रही आधारभूत संरचनाएं केवल आयोजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भविष्य के हरिद्वार की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। इसलिए निर्माण टिकाऊ, सुरक्षित और दीर्घकालिक उपयोगिता वाला होना चाहिए।

मेलाधिकारी ने आस्था पथ और घाटों तक श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही के लिए प्रवेश-निकास मार्ग विकसित करने, पैदल मार्गों पर मजबूत रेलिंग, पर्याप्त प्रकाश और जनसुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। मार्गों के किनारे हरित पट्टियां विकसित करने और स्थानीय जलवायु के अनुसार फूल-पौधे लगाने को कहा। धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ के विस्तार में तेजी लाने और निर्माण के बाद नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि हर की पैड़ी पुनर्विकास परियोजना लगभग 66.77 करोड़ रुपये की लागत से 6 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में होगी। इसमें घाटों का निर्माण-नवीनीकरण, वॉकवे, विद्युत-प्रकाश व्यवस्था उन्नयन, श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार और सीवेज-ड्रेनेज सुदृढ़ीकरण शामिल है। घाटों के निर्माण कार्य शुरू हो चुके हैं।

रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास परियोजना लगभग 58.39 करोड़ रुपये की लागत से 45 हेक्टेयर में विकसित की जा रही है। इसमें 25 हेक्टेयर में सड़क निर्माण, वेंडिंग जोन, आधुनिक पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, पैदल मार्ग और प्रकाश व्यवस्था होगी। इससे भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा। एडमिन रोड का निर्माण प्रगति पर है और आस्था पथ में मरम्मत शुरू हो गई है। नए कार्य कांवड़ मेला के बाद शुरू होंगे।

निरीक्षण में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सीओ कुंभ बिपेन्द्र सिंह, ईई पीएमयू प्रवीण कुश, यूपीडीसी प्रबंधक सुमित मालवाल सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments