

विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 शुरू, राजनीतिक दलों को सौंपी गई मतदाता सूची की प्रति
हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में DM मयूर दीक्षित ने बताया कि जनपद हरिद्वार की 01 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचक नामावलियों का ड्राफ्ट रोल प्रकाशित कर दिया गया है। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों की ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली की प्रतियां भी उपलब्ध कराई गईं।
अधिकारियों ने बताया कि 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक ऐसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ, तहसील कार्यालय, ERO/AERO के माध्यम से या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता का नाम, पता या अन्य विवरण त्रुटिपूर्ण है तो निर्धारित प्रपत्रों से संशोधन कराया जा सकता है।
DM मयूर दीक्षित ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट के माध्यम से मतदाता सूची का गहन परीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और दावे-आपत्तियां समयबद्ध रूप से प्रस्तुत कराने में सहयोग करें।
बैठक में ASD सूची भी उपलब्ध कराई गई। यदि किसी मतदाता का नाम त्रुटिवश शामिल है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। जनपद की सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी निरीक्षण के लिए उपलब्ध है।
जनपद हरिद्वार की 11 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 12,46,219 मतदाता हैं। इनमें 6,64,795 पुरुष, 5,81,323 महिला और 101 अन्य मतदाता शामिल हैं।
जानकारी दी गई कि 14 जुलाई 2026 से 11 सितम्बर 2026 तक ERO/AERO द्वारा आवश्यकतानुसार नोटिस जारी किए जाएंगे और प्राप्त दावे-आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
DM मयूर दीक्षित ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सराहना की।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, बसपा जिलाध्यक्ष मदन पाल, भाजपा जिला महामंत्री किशान मोर्चा धर्मेंद्र सिंह, CPI(M) के राजीव गर्ग, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments