

देहरादून। सोशल मीडिया पर भाजपा की महिला नेताओं के खिलाफ कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के मामले में देहरादून पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामला राहुल गांधी के देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सामने आया, जब ‘राजेंद्र उत्तराखंडी’ नाम से संचालित एक फेसबुक प्रोफाइल पर भाजपा महिला नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगा। इसके बाद भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने डालनवाला थाने में शिकायत दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा नेत्री बबीता सहोत्रा ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ती अभद्रता पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
शिकायत देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, कमली भट्ट, महामंत्री विदुषी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Recent Comments