

सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि – यही है सरकार का मंत्र
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में पूर्व अपर सचिव आर.सी. लोहनी द्वारा लिखित पुस्तक ‘सेवा विधि’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने पुस्तक को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद पहली बार ऐसी पुस्तक आई है जिसमें सरकारी सेवा से जुड़े नियम, संवैधानिक प्रावधान, शासनादेश और न्यायालयों के महत्वपूर्ण निर्णय एक ही स्थान पर सरल भाषा में उपलब्ध हैं।
CM ने कहा कि यह केवल पुस्तक नहीं, बल्कि प्रदेश के अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए एक व्यवहारिक मार्गदर्शिका है। सरकारी सेवा का अर्थ ही राष्ट्रसेवा है। जब कोई अधिकारी किसी गरीब, किसान, महिला या युवा तक सरकारी योजना का लाभ पहुंचाता है, तो वह वास्तव में समाजसेवा कर रहा होता है। इसके लिए ईमानदारी के साथ नियमों और प्रक्रियाओं की गहरी समझ भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। सरकार ने प्रक्रियाओं को सरल किया है और निर्णय की गति बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि किसी राज्य का विकास केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि संवेदनशील और सक्षम प्रशासनिक तंत्र से होता है।
“कुछ अधिकारी नियमों की आत्मा समझते हैं। वे नियमों को बाधा नहीं बनने देते, बल्कि उन्हीं के भीतर जनहित का रास्ता खोजते हैं। शासन का उद्देश्य जनता का जीवन सरल बनाना है। जनता उम्मीद के साथ आती है, उसे त्वरित और पारदर्शी न्याय मिलना चाहिए। हमारी सरकार का मूल मंत्र है – सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि।”
लेखक आर.सी. लोहनी ने बताया कि ‘सेवा विधि’ में नियुक्ति, आरक्षण, पदोन्नति, स्थानांतरण, अनुशासनात्मक कार्रवाई, अवकाश, सेवा निवृत्ति, आचरण नियम और न्यायालयों के निर्णयों का सार शामिल है। यह पुस्तक अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ देगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पूर्व अपर सचिव भूपेश तिवारी, जी.बी. ओली सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Recent Comments