

दिल्ली की घटना के विरोध में भाजपा के घेराव कार्यक्रम के जवाब में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आने से पहले पुलिस ने संभाला मोर्चा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए।
देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तनातनी सड़क पर दिखाई दी। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया था। हालांकि पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से करीब 200 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। इसके जवाब में कांग्रेस ने भी अपने प्रदेश मुख्यालय से शक्ति प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर मार्च निकाला, जिसे पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया।
भाजपा के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड तक पहुंच गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। करीब 15 से 20 मिनट तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ता वापस लौट गए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने नहीं आ सके।


उधर, भाजपा के घेराव कार्यक्रम के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से रैली निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। हाथों में झंडे-बैनर लिए कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक तथा हल्की धक्का-मुक्की हुई, हालांकि स्थिति नियंत्रण में रही।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और विपक्ष की आवाज दबाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी राजनीतिक दबाव से पीछे हटने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। गोदियाल ने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में होने के बावजूद भाजपा प्रदेश नेतृत्व प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहा है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर देश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए लगातार सुधार कर रही है। उनके अनुसार, सरकार ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई की है, जबकि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।


पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। दोनों राजनीतिक दलों के प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा कार्यालयों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके।

Recent Comments