हरिद्वार में सड़क सुरक्षा पर बड़ा एक्शन: 25 ब्लैक स्पॉट पर तुरंत सुधार, ओवरस्पीड-ड्रिंक ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई

6 महीने में 19,523 चालान, अब स्कूलों में चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान 

हरिद्वार। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति (DRSC) की बैठक हुई। बैठक में परिवहन, पुलिस, NHAI, PWD और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मिश्र ने साफ कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध तरीके से काम करना होगा।

CDO ने जनपद में चिन्हित 25 ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां सड़क में खामियां हैं, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग और स्पीड ब्रेकर की जरूरत है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम पूरे किए जाएं।

परिवहन और पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित सघन अभियान चलाने को कहा गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जनवरी से जून 2026 तक सड़क सुरक्षा और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 19,523 चालान किए गए। इसमें बिना हेलमेट के 15,874, ओवरस्पीडिंग के 7,751, बिना सीट बेल्ट 1,113, ओवरलोड 2,205 और ड्रिंक एंड ड्राइव के 6 मामले शामिल हैं।

शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। छात्रों को हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी ताकि वे खुद जागरूक बनें और परिवार को भी जागरूक करें।

CDO ने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत इलाज मिले, इसके लिए सभी अस्पतालों के साथ बैठक कर उन्हें पैनल में शामिल किया जाए। NHAI को राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक में सड़क सुरक्षा ऑडिट, चेतावनी संकेतक लगाने और रिफ्लेक्टिव मार्किंग मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, PWD अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, ARTO नेहा झा, RTO प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, CO ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments