बड़ा सियासी भूचाल: NEET विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, जंतर-मंतर पर डटे छात्रों के आगे झुकी सरकार

प्रधानमंत्री मोदी को भेजा त्यागपत्र, सोशल मीडिया पोस्ट में युवाओं की भावनाओं और आकांक्षाओं का सम्मान करने की बात कही

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय से चल रहे नीट छात्रों के आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जिन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र धरना दे रहे थे, उन्होंने आखिरकार अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।

प्रधान ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि बीते चार दशकों से अधिक समय से वे छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा सुधार से जुड़े रहे हैं और उनका सदैव यह मानना रहा है कि सशक्त एवं दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही किसी मजबूत राष्ट्र की नींव होती है। उन्होंने देश के युवाओं की आकांक्षाओं और अपेक्षाओं के प्रति गहरा सम्मान जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सेवा का अवसर देने के लिए आभार भी व्यक्त किया।

पोस्ट में उन्होंने 3 मई 2026 को हुई NEET-UG परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार ने तुरंत मामला सीबीआई को सौंपा, परीक्षा रद्द कर नई तारीख घोषित की गई और अगले वर्ष से इसे कंप्यूटर आधारित मोड में कराने का फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराना केंद्र व राज्य सरकारों तथा जिला प्रशासन के साझा प्रयासों से संभव हुआ और 21 जून 2026 को यह परीक्षा पूरी हुई।

प्रधान ने कहा कि उन्होंने शुरू से ही इस मामले की जिम्मेदारी ली और किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य परीक्षा माफिया के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए प्रतिबद्ध रहे। उन्होंने 16 जुलाई को घोषित नतीजों को संतोषजनक बताते हुए कहा कि गरीब पृष्ठभूमि के कई मेधावी छात्रों ने भी सफलता हासिल की, हालांकि कुछ जिम्मेदार लोगों ने छात्रों को गुमराह करने की कोशिश की, जिससे वे आहत हुए।

अपने संदेश में प्रधान ने कहा कि बीते दस दिनों के घटनाक्रम से वे व्यथित हैं, लेकिन यह उनके लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का सवाल नहीं बल्कि देश की युवाशक्ति की चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि देश की एकता बनी रहे, कोई भी विद्यार्थी कानूनी उलझनों में न फंसे और बच्चे अपना ध्यान पढ़ाई व करियर पर केंद्रित रखें, इसी सोच के साथ उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री मोदी को भेज दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग के साथ-साथ मंत्रिपरिषद के सहयोगियों व मंत्रालय के अधिकारियों-कर्मचारियों का भी आभार जताया और आगे भी देश व युवाओं की सेवा के प्रति समर्पित रहने का भरोसा दिलाया।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर धर्मेंद्र प्रधान की विस्तृत पोस्ट

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments