

उत्तरकाशी। टिहरी रियासत के जननायक और महान स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद श्रीदेव सुमन को शनिवार को पूरे जनपद में श्रद्धा के साथ याद किया गया। सुमन दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के हनुमान चौक और कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः कीर्ति इंटर कॉलेज से हुई। यहां से छात्र-छात्राओं ने हनुमान चौक होते हुए विश्वनाथ चौक तक प्रभातफेरी निकाली। हनुमान चौक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, श्रीदेव सुमन साहित्य कला स्मृति मंच के अध्यक्ष नागेन्द्र दत्त थपलियाल, सचिव शैलेन्द्र नौटियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर सुमन जी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके त्याग और संघर्ष से नई पीढ़ी को सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर श्रद्धांजलि दी।
सुमन दिवस पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शहीद स्मारक भी पहुंचे। वहां उन्होंने शोभाकार पौधों का रोपण किया। इस दौरान एडीएम मुक्ता मिश्र, सीएचओ रजनीश सिंह, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मातुडा और पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल भी मौजूद रहे।
जिले भर के शिक्षण संस्थानों में निबंध, चित्रकला, भाषण और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विकास भवन, तहसील और ब्लॉक स्तर के सरकारी कार्यालयों में भी श्रीदेव सुमन के जीवन और टिहरी जनक्रांति में उनके योगदान पर चर्चा की गई।

Recent Comments