पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री धामी और मंत्री गणेश जोशी ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर प्रदेशभर में शोक की लहर है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उनके देहरादून स्थित डी.एल. रोड (सेवक आश्रम रोड) स्थित निजी आवास पहुंचकर पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि हीरा सिंह बिष्ट का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन जनसेवा और प्रदेश के विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने लंबे राजनीतिक जीवन में जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और समाज के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

गणेश जोशी ने कहा कि स्वर्गीय हीरा सिंह बिष्ट का राजनीतिक और सामाजिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

गौरतलब है कि उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में शामिल रहे हीरा सिंह बिष्ट का रविवार देर रात हृदयाघात से निधन हो गया था। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है तथा विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि लगातार उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments