

रैकी कर नशे के लिए करते थे वारदात, सीसीटीवी और मुखबिर से दबोचे गए चोर
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 6 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं।
मामला 25 जुलाई का है। वादी ओम अग्रवाल ने बिधौली क्षेत्र से अपनी स्कूटी चोरी होने की तहरीर कोतवाली प्रेमनगर में दी थी। इसके आधार पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी के निर्देशों पर प्रेमनगर कोतवाली की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर पूर्व में वाहन चोरी में शामिल लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस के अथक प्रयासों से 25 जुलाई को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 2 संदिग्धों को चोरी की स्कूटी के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने प्रेमनगर क्षेत्र में 5 अन्य दोपहिया वाहन चोरी करने की बात कबूली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने प्रेमनगर स्थित एक खंडर से 5 और वाहन बरामद किए।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी जावेद और वंश कुमार आपस में दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक और स्कूटी को निशाना बनाते थे। पहले रैकी करते और फिर मौका देखकर वाहन चोरी कर लेते। एक स्कूटी बिधौली हॉस्टल के बाहर से और एक बाइक नेहरू कॉलोनी से चोरी की गई थी। बाकी वाहन नशे की हालत में देहरादून के अलग-अलग इलाकों से चुराकर खंडर में छिपाए गए थे। दोनों इन्हें मौका मिलते ही दूसरे राज्य में बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने आरोपियों से एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, एक अपाचे, एक टीवीएस रेंजर, एक्टिवा और एक पल्सर बरामद की है। अन्य बरामद वाहनों के असली मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, कांस्टेबल पंकज और कांस्टेबल अरशद की टीम शामिल रही।

Recent Comments