

31 जुलाई तक खुला रहेगा 5वें, 7वें, 9वें सेमेस्टर का प्रवेश पोर्टल, अधिष्ठाता प्रो. गुसाईं ने दी अहम जानकारी
श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय द्वारा विभिन्न छात्र संगठनों एवं छात्रसंघ पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रो. गुसाईं ने बताया कि यूजी के 5वें, 7वें एवं 9वें सेमेस्टर के लिए प्रवेश पोर्टल 21 से 31 जुलाई तक खुला रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसकी अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। उन्होंने बताया कि यूजी और पीजी तृतीय सेमेस्टर के परिणाम SAMARTH पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं और इनकी प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। पोर्टल खुलने के 15 से 20 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। बी.टेक. की सभी शाखाओं में प्रवेश की प्रक्रिया लगातार जारी है।
बैठक में प्रवेश समितियों, प्रवेश केन्द्रों, हेल्प डेस्क, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य केन्द्र, एम्बुलेंस और अभिभावकों के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था पर चर्चा हुई। साथ ही प्रवेश विवरणिका की पीडीएफ प्रति के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने प्रवेश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सहित कई सुझाव और मांगें रखीं।
बैठक के समापन पर प्रो. गुसाईं ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय से जुड़ी सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल अधिकृत माध्यमों और विश्वविद्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों से ही जारी की जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय के अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें और विश्वविद्यालय की गतिविधियों में सहयोग दें।
बैठक में प्रो. अतुल ध्यानी, डॉ. विजय ज्योति, डॉ. कपिल पंवार, महिपाल बिष्ट, अनुरोध पुरोहित, शिवांक नौटियाल, आयुष वेदवाल, वीरेंद्र बिष्ट, पंकज फर्स्वाण आदि मौजूद रहे।

Recent Comments