

स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रहे थे 1.521 किलोग्राम नशीला पदार्थ, “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत हुई कार्रवाई
देहरादून। राज्य एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद खेप की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि एएनटीएफ को मिले इनपुट के आधार पर टीम ने सेलाकुई पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र में घेराबंदी की, जिसमें दोनों अभियुक्त स्कूटी की डिक्की में अवैध ड्रग छिपाकर ले जाते हुए पकड़े गए। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पहचान कैटामाइन के रूप में की। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को यह खेप सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस अब पूरी आपूर्ति श्रृंखला, स्रोत और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जमनपुर सेलाकुई निवासी शुभम कुमार पुत्र राजेश कुमार और मूल रूप से हरदोई (उत्तर प्रदेश) के शाहाबाद देहात निवासी, हाल सेलाकुई निवासी अंकित तिवारी पुत्र दिनेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से कैटामाइन के अलावा एक स्कूटी जूपिटर और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने आमजन से अपील की कि नशे से दूर रहें और लालच में आकर तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को निकटतम थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ को दिया जा सकता है, जिसमें सूचनादाता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित मादक पदार्थ नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा, ड्रग्स निरीक्षक विनोद जगूड़ी, उपनिरीक्षक कमाल हसन, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल मनमोहन, कांस्टेबल रवि पंत, प्रशांत चौहान, दीपक चन्दोला, दीपक नेगी सहित थाना सेलाकुई से एसएसआई विवेक भंडारी और कांस्टेबल सोहन शामिल रहे।

Recent Comments