संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा चलाएगी ‘समरसता संकल्प अभियान’, 29 जुलाई से देशभर में 51 हजार स्थानों पर दीपोत्सव

देहरादून। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027 माघ पूर्णिमा तक देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान का मकसद गुरु रविदास के समता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

अभियान की प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ती रावत भारद्वाज ने सोमवार को यहां बताया कि यह अभियान राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित होगा। इसका उद्देश्य विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल एक समाज के संत नहीं थे, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे। उन्होंने वंचित और उपेक्षित लोगों में आत्मसम्मान और समानता का भाव जागृत किया। उनका ‘बेगमपुरा’ का दर्शन आज भी ऐसे समाज की प्रेरणा देता है जहां भेदभाव और शोषण न हो।

दीप्ती रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरु रविदास के जीवन दर्शन को सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का आधार बताया है। अटल बिहारी वाजपेयी ने भी उन्हें सामाजिक समता और आत्मसम्मान का अग्रदूत कहा था।

अभियान के प्रमुख कार्यक्रम:

  • समरसता दीप महोत्सव: 29 जुलाई 2026 गुरु पूर्णिमा को अभियान का शुभारंभ होगा। देशभर के 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। वाराणसी के संत रविदास घाट पर 11 हजार दीपों का विशेष आयोजन होगा। उत्तराखंड में भी सैकड़ों स्थानों पर दीप जलाए जाएंगे। इससे पहले भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रवचन होंगे।
  • कलश वंदन अभियान: 29 जुलाई से 10 सितंबर तक चलेगा। वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से पवित्र मिट्टी के 131 कलश सभी राज्यों को भेजे जाएंगे। बाद में इसे 21 हजार कलशों में स्थापित कर प्रदेश, जिला और मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा।
  • संत संपर्क अभियान: 29 जुलाई से 31 अगस्त तक भाजपा पदाधिकारी संत रविदास परंपरा सहित अन्य संत-महात्माओं से मिलकर सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
  • समरसता यात्रा: 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर तक जाएगी। यह यात्रा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से गुजरेगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन और गोष्ठियां होंगी।
  • छात्रावास संपर्क अभियान: 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक देशभर के छात्रावासों में संवाद कार्यक्रम कर युवाओं को गुरु रविदास के विचारों से जोड़ा जाएगा।

श्रीमती भारद्वाज ने कहा कि अभियान के लिए राष्ट्रीय से लेकर मंडल स्तर तक टोलियां बनाई जा रही हैं। मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए भी व्यापक प्रचार किया जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, संतों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं से अभियान में भागीदारी का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन बनेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments