गदरपुर को ₹28.30 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने बस स्टेशन समेत आठ परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

गदरपुर/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गदरपुर बस स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ₹2,830.07 लाख (करीब ₹28.30 करोड़) की आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का लोकार्पण करते हुए कहा कि राज्य सरकार केवल शिलान्यास नहीं, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर लोकार्पण करने की कार्य संस्कृति पर विश्वास करती है।

मुख्यमंत्री ने ₹694.06 लाख की लागत से पूर्ण हुई तीन परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹2,136.01 लाख की पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित योजनाओं में विकासखंड गदरपुर का नया कार्यालय भवन, हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त गदरपुर बस स्टेशन शामिल हैं। वहीं, बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय होते हुए गुलरभोज कूल्हा तिलपुरी वन बैरियर तक कंक्रीट सड़क निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गदरपुर के साथ आसपास के क्षेत्रों के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी समान रूप से कार्य कर रही है।

धामी ने बताया कि नए बस स्टेशन में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि नए विकासखंड कार्यालय से ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन और आमजन को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि गदरपुर क्षेत्र में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में छात्रावास, राजकीय इंटर कॉलेज दिनेशपुर में ऑडिटोरियम और आईटीआई गुलरभोज में बालिका छात्रावास का निर्माण कराया गया है। आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण को भी मंजूरी मिल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बौर डैम डाउनस्ट्रीम में बाढ़ सुरक्षा कार्य, विभिन्न गांवों में पेयजल योजनाओं, महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे एवं शिव अरोरा सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने, गुलरभोज में जिम कॉर्बेट जिप्सी परमिट व्यवस्था तथा गदरपुर महाविद्यालय में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने का भी आश्वासन दिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments