

देहरादून । जिले में संचालित ‘सुरक्षित स्कूल, सुरक्षित भविष्य’ अभियान के तहत परिवहन विभाग ने एक अनूठी पहल शुरू की है। सुरक्षित, अनुशासित और जिम्मेदार वाहन संचालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आरटीओ देहरादून की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूल बस चालकों और सहायकों को ‘बेस्ट स्कूल बस ड्राइवर’ तथा ‘बेस्ट स्कूल बस सहायक’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए चालकों और सहायकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत परिवहन विभाग की टीमें विभिन्न स्कूलों में जाकर बसों का निरीक्षण कर रही हैं, साथ ही छात्र-छात्राओं से भी फीडबैक लिया जा रहा है। मूल्यांकन के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग, समयपालन, विद्यार्थियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार, वाहन की स्वच्छता, ओवरस्पीडिंग से परहेज तथा पैनिक बटन व फर्स्ट एड बॉक्स जैसे सुरक्षा उपकरणों के प्रति सजगता जैसे बिंदुओं पर चालकों को परखा जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को सेंट कबीर अकादमी में परिवहन विभाग और विद्यालय प्रशासन की संयुक्त टीम ने 20 स्कूल बसों और 3 वैनों का गहन तकनीकी व सुरक्षा निरीक्षण किया। प्रवीण सिंह रौथाण द्वारा बसों के ब्रेक, टायर, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी, जीपीएस और इमरजेंसी एग्जिट जैसे तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई।
इस अवसर पर आरटीओ प्रवर्तन डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले चालकों और सहायकों का सम्मान किया जाना अन्य कर्मचारियों को भी जिम्मेदार और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य जतिन सेठी, जनसंपर्क प्रबंधक विनय कुमार गोयल, मेंटेनेंस सुपरवाइजर सुवोध थपलियाल तथा परिवहन कर अधिकारी प्रज्ञा पंत व अनुराधा पंत मौजूद रहे।

Recent Comments