

हल्द्वानी। पुलिस महानिरीक्षक, कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती (आई.पी.एस.) की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी सभागार में “देवभूमि का सुरक्षा कवच” विषय पर व्यापक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीनियर पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में कार्यक्रम का शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन एसपी संचार रेवाधर मठपाल और पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने किया।
आईजी ने सभा को साइबर सुरक्षा, महिला—बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा नशामुक्त उत्तराखण्ड के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। साइबर अपराधों (ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, एआई-आधारित ठगी, म्यूल अकाउंट और फर्जी निवेश) से बचाव व शिकायत प्रक्रियाओं पर जोर दिया गया; पीड़ितों को 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in और Money Restoration Module (MRM) के माध्यम से धनराशि फ्रीज कराए जाने की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल संरक्षण के अंतर्गत जीरो एफआईआर, SOS व लाइव लोकेशन, वन स्टॉप सेंटर (सखी), महिला हेल्पलाइन-181, महिला चीता पुलिस तथा चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 एवं मिशन वात्सल्य जैसे समर्थन तंत्रों की जानकारी साझा की गई। सड़क सुरक्षा हेतु गोल्डन ऑवर, पीएम राहत योजना, राह-वीर (Good Samaritan) योजना, ANPR कैमरे, ई-चालान और ब्लैक स्पॉट सुधार पर उपाय बताए गए।


“ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान में ऑपरेशन प्रहार, नशा तस्करों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति, अवैध संपत्तियों की जब्ती व ध्वस्तीकरण तथा समुदाय आधारित निगरानी पर विशेष बल रखा गया। नागरिकों से नशा तस्करों की सूचना 1800-137-7001 (Dial Against Drugs) या MANAS पोर्टल पर गोपनीय रूप से देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों, व्यापार मंडल, सामाजिक संस्थाओं, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों के प्रश्नों और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया और उन्हें समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया। आईजी महोदया ने पुनः सभी से सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में 112, 181, 1098 एवं 1930 पर तुरंत संपर्क करें।

Recent Comments