मुख्यमंत्री धामी ने तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से मातृशक्ति को किया सम्मानित

तीलू रौतेली पुरस्कार राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार, आंगनबाड़ी पुरस्कार 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार
13 महिलाओं और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को किया सम्मानित

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार समारोह में प्रदेश की मातृशक्ति को सम्मानित किया। तीलू रौतेली जयंती के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को बधाई देते हुए कहा कि तीलू रौतेली जयंती उत्तराखंड के इतिहास और नारी शक्ति के स्वाभिमान के लिए गौरवशाली अवसर है। उन्होंने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली अदम्य साहस और पराक्रम की प्रतीक हैं। उत्तराखंड वीरों के साथ वीरांगनाओं की भी भूमि रही है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन में बदलाव ला रही हैं। राज्य में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है।

मुख्यमंत्री ने दो बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की जाएगी। इसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी। यह वृद्धि केवल राशि नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति के सेवा और समर्पण के प्रति सरकार के सम्मान का प्रतीक है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और संस्कारों में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 7,500 रुपये से बढ़ाकर 9,300 रुपये, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 4,500 रुपये से बढ़ाकर 6,250 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 3,550 रुपये से बढ़ाकर 5,250 रुपये किया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति का प्रावधान भी किया गया है।

धामी ने कहा कि बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और स्वरोजगार तक हर स्तर पर सरकार उनके साथ खड़ी है। जब राज्य की बहनें और बेटियां सशक्त होंगी, तभी उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा हो सकेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास चन्द्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments