

ओंकारेश्वर (मध्य प्रदेश)। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजीकृत) की राष्ट्रीय कार्यकारणी की दो दिवसीय बैठक 8 एवं 9 अगस्त 2026 को नर्मदा प्लेस गार्डन, सनावद मार्ग, ओंकारेश्वर में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ भगवान श्री परशुराम, पंडित मदन मोहन मालवीय एवं पंडित महेश शर्मा के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर देशभर से आए 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा संगठन की दिशा-दशा तय करने वाले कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए।
बैठक का आगाज पिछली कार्यवाही की रिपोर्ट पेश करने के साथ हुआ, जिसे पंडित बृजमोहन शर्मा ने प्रस्तुत किया। इसके बाद सदस्यों ने विभिन्न एजेंडों पर गहन चर्चा की। बैठक में पारित प्रमुख प्रस्तावों में संस्था के आजीवन सदस्यों से नियमित संपर्क बनाए रखना, समाज में वर्ण व्यवस्था की आवश्यकता को पुनः स्थापित करना, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग की पवित्रता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाना, गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित कराने हेतु सरकार से मांग करना, ब्राह्मणों को संध्या (सांध्योपासना) के लिए जागरूक करने का संकल्प, तथा राष्ट्रीय स्तर पर मासिक पत्रिका शुरू करने का निर्णय शामिल रहे।
बैठक के दूसरे सत्र में राष्ट्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने वर्ष 2025-26 की आय-व्यय की विस्तृत रिपोर्ट पेश की। तदुपरांत विभिन्न प्रदेशों के अध्यक्षों एवं जिलाध्यक्षों ने पिछले चार माह में अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित गोपाल दत्त शर्मा ने दोनों सत्रों में हुई चर्चाओं का सारांश प्रस्तुत करते हुए बैठक को विधिवत समाप्त घोषित किया।
इस राष्ट्रीय बैठक में उत्तराखंड प्रदेश इकाई से प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री मनोज शर्मा, जिला अध्यक्ष संजय शर्मा, जिला मंत्री विजय प्रकाश मंगाई, आजीवन सदस्य कल्याण चक्रवर्ती सहित विभिन्न राज्यों के 200 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री उमाशंकर शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में इन प्रस्तावों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Recent Comments