जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जिलाधिकारी सख्त; 20 प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। जनता की समस्याओं के शीघ्र निवारण को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की 20 शिकायतों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्रभावी तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की लिखित आख्या जिला कार्यालय में रखी जाएगी और उसकी सॉफ्ट कॉपी शिकायतकर्ता को भी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएगी ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस और अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा भी करवाई और अधिकारियों को अनावश्यक विलंब से बचते हुए निर्धारित समयावधि में मामलों का निस्तारण का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस में नहीं जुड़ने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी जनाते हुए उन्होंने नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

जनता मिलन में आए मामलों में तत्काल कदम उठाने के निर्देश कई ठोस नतीजों में बदल गए। ग्रामसभा थली दान्दली के ग्रामीणों की पेयजल समस्या पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल संस्थान को अगले ही दिन संबंधित जेई को मौके पर भेजने तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया। विकासखंड दुगड्डा के ग्राम सिरसू के त्रिलोक सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के भुगतान संबंधी शिकायत पर कृषि अधिकारी को शिकायतकर्ता के साथ कार्यालय में मिलकर मामला तुरंत जांचने के निर्देश दिए गए।

तहसील चाकीसैण के ग्राम तरपाली निवासी उमेद सिंह ने एनएच-309 के तहत निर्माण के दौरान भूमि के बिना अनुमति अधिग्रहण की शिकायत की, जिसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को व्यक्तिगत रूप से प्रकरण की जांच कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आदेश दिया। तहसील पौड़ी के मंजेड़ा के जयपाल सिंह बिष्ट द्वारा मातृ-शिशु कल्याण केंद्र तीन माह से बंद रहने व कर्मियों के न होने की शिकायत पर मुख्य चिकित्साधिकारी को औचक निरीक्षण कर लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिये गये।

वन्य जीवों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर रिखणीखाल वेलफेयर सोसाइटी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने वन विभाग को गश्त बढ़ाने और निगरानी उपकरणों के उपयोग से सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन और पत्राचार से प्राप्त शिकायतों पर भी प्राथमिकता के साथ कार्रवाइयाँ की जा रही हैं। बीरोंखाल में राजस्व कैंप का आयोजन कर क्षेत्रवासियों के राजस्व मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, वहीं बीरोंखाल व कण्डारा आदि क्षेत्र के पेयजल और जमीन सीमांकन संबंधी शिकायतें भी समयबद्ध तरीके से हल कर दी गईं।

जनता मिलन में सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, विद्युत अभियांवक अभिनव रावत, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप आगे भी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और मामलों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उपाय जारी रहेंगे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments