

2018 में हुई सड़क दुर्घटना में लगा 2.29 करोड़ का जुर्माना कंपनी मालिक ने नहीं भरा, ट्रक चालक को बनाया बंधक; परिवार झेल रहा मानसिक-आर्थिक संकट, मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय से मांगी तत्काल कार्रवाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सऊदी अरब में बंधक जैसी स्थिति में रह रहे उत्तरकाशी निवासी इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के स्तर से तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध करते हुए नौटियाल को न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें बंधक अवस्था से मुक्त कराकर स्वदेश वापस लाने के लिए प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की है।
2018 में रोजगार के लिए गए थे सऊदी अरब
इंद्रमणि नौटियाल पुत्र देवी राम नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे, जहां वे रियाद स्थित पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान एक गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई थी, जिसके बाद सऊदी न्यायिक प्रक्रिया के तहत नौटियाल को एक वर्ष के कारावास और कंपनी मालिक पर ट्रक बीमा-पंजीकरण संबंधी कमी के चलते 9 लाख सऊदी रियाल (लगभग ₹2.29 करोड़) का जुर्माना लगाया गया था।
जुर्माना न भरने पर बना दिया बंधक
घटना के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद कंपनी मालिक ने जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया और नौटियाल को कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माना अदा करने का दबाव बनाया जा रहा है। उनकी पत्नी और पुत्री ने अपने स्तर से स्वदेश वापसी के लिए विभिन्न प्रयास किए, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी, जिससे परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
“हर उत्तराखंडी नागरिक की मदद करेगी राज्य सरकार” – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने विदेश मंत्री को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण का संदर्भ देते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की सहायता के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी और केंद्र सरकार व विदेश मंत्रालय से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है।

Recent Comments