गढ़वाल विश्वविद्यालय में तिरंगा अभियान की धूम: खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

श्रीनगर (गढ़वाल)। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। डॉ. मोहित बिष्ट एवं डॉ. गुरदीप के संयोजन में आयोजित इन खेल स्पर्धाओं में वॉलीबॉल और रस्साकशी प्रतियोगिताओं का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर अभियान के नोडल अधिकारी प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी ने खिलाड़ियों व दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम और सामूहिक एकजुटता की भावना का भी संचार करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित ये गतिविधियां युवाओं में देशभक्ति और अनुशासन के मूल्यों को और अधिक मजबूत करेंगी।

आयोजित वॉलीबॉल स्पर्धा में महिला छात्रा वर्ग का मुकाबला बेहद एकतरफा रहा, जिसमें शारीरिक शिक्षा विभाग ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विज्ञान संकाय को 21-8 के अंतर से पराजित किया। पुरुष छात्र वर्ग के फाइनल मुकाबले में बी.पी.एड. की टीम ने एम.पी.एड. को मात देकर जीत दर्ज की। वहीं शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग में रजिस्ट्रार 11 का दबदबा देखने को मिला। रजिस्ट्रार 11 ने पहले रोमांचक मैच में एचएनबीयू 11 को हराया और फिर फाइनल मुकाबले में विश्वविद्यालय के शिक्षकों की टीम को शानदार ढंग से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता की व्यवस्था और संचालन में अनुज, रोहन और अक्षत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

दूसरी ओर रस्साकशी प्रतियोगिताओं में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। महिला छात्रा वर्ग के शुरुआती मैचों में शारीरिक शिक्षा विभाग ने विज्ञान संकाय को और एनसीसी ने विज्ञान संकाय को हराया। इसके बाद एनसीसी और शारीरिक शिक्षा विभाग के बीच खेले गए कड़े फाइनल मुकाबले में शारीरिक शिक्षा विभाग की छात्राएं विजेता बनीं। पुरुष छात्र वर्ग में भी शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्रों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए एनसीसी को फाइनल में हराकर पहला स्थान हासिल किया। रस्साकशी स्पर्धा को सुचारू रूप से संचालित कराने में राकेश मीणा, कौशल तथा मनोज का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. जी. पी. मेहता, डॉ. सुरेंद्र कुंवर, डॉ. गांधी चौहान, डॉ. जयाड़ा तथा हेम जोशी सहित कई शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं लगातार उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे। आयोजन के अंत में सभी विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को बधाई दी गई और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments