

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जन समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलेभर से आए नागरिकों ने 150 से अधिक शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को जनसमस्याओं को प्राथमिकता व संवेदनशीलता के साथ हल करने के सख्त निर्देश दिए।
आपदा मद में अनियमितता पर 7 दिन में जांच रिपोर्ट तलब तहसील विकासनगर की ग्राम पंचायत पापड़ियान में वर्ष 2023 से 2026 तक आपदा मद में ग्राम प्रधान द्वारा कथित फर्जीवाड़े की शिकायत पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने जिला विकास अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
आबादी के बीच अवैध वेल्डिंग फैक्ट्री होगी सील ग्राम झीवरहेड़ी (विकासनगर) में बिना एनओसी और गैर-औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही हैवी वेल्डिंग फैक्ट्री पर डीएम ने तुरंत कार्रवाई का आदेश दिया। एसडीएम विकासनगर और जीएमडीआईसी को फैक्ट्री तत्काल सील करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी भूमि पर 4 मंजिला निर्माण और भू-माफियाओं पर कार्रवाई नगर निगम व ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे और चार मंजिला निर्माण की शिकायत पर एसडीएम सदर और तहसीलदार को स्थलीय निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए गए। वहीं, मिहूवाला निवासी शिकायतकर्ताओं की पैतृक भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जे के प्रयास के मामले में पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
दिव्यांग सहायता व विशेष बच्चे के दाखिले पर दिए निर्देश दोनों पैरों में कृत्रिम अंग लगवाने हेतु आर्थिक सहायता की मांग पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को 15 दिन में प्रक्रिया पूरी करने के आदेश मिले। वहीं, लतिका राय फाउंडेशन में विशेष बच्चे ‘प्रिंस अग्रवाल’ को प्रवेश न दिए जाने के मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी को 7 दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा व स्मृता परमार समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Recent Comments