कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ICAR की 97वीं बैठक में उठाए पहाड़ की खेती के मुद्दे

आय बढ़ाने और पलायन रोकने के लिए जलवायु अनुकूल प्रोजेक्ट की मांग

नई दिल्ली।प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पूसा में आयोजित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) सोसाइटी की 97वीं वार्षिक आम बैठक में हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इसमें देशभर के कृषि मंत्री, कृषि वैज्ञानिक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कृषि क्षेत्र के विकास, किसानों के हित और कृषि अनुसंधान को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई। 

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में कृषि मुख्य रूप से वर्षा आधारित है। यहां छोटी और बिखरी हुई जोतें, कम उत्पादकता और वन्यजीवों से फसल नुकसान बड़ी चुनौती हैं। इन्हीं कारणों से परती भूमि बढ़ रही है और पलायन की समस्या गहरा रही है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय कृषि में अब “अधिक उत्पादन” के बजाय “प्रति परिवार अधिक आय” पर ध्यान देना जरूरी है।

मंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आग्रह किया कि ICAR के माध्यम से उत्तराखंड के विभिन्न कृषि जलवायु क्षेत्रों के लिए आर्थिक रूप से लाभकारी फसल पद्धतियों पर विशेष प्रोजेक्ट शुरू किए जाएं। इसमें कृषि, उद्यान, फलदार वृक्ष और पशुपालन को जोड़कर ऐसे विविधीकृत मॉडल विकसित किए जाएं जो छोटी जोत वाले किसानों को सालभर आय और रोजगार दें और युवाओं को कृषि से जोड़ें।

उन्होंने विशेष रूप से गहत की नई प्रमाणित प्रजातियां विकसित करने की मांग रखी। कहा कि राज्य की स्थानीय और पारंपरिक गहत किस्मों का उपयोग कर कम वर्षा और प्रतिकूल मौसम में बेहतर उत्पादन देने वाली दलहन और मिलेट्स की जलवायु अनुकूल प्रजातियां तैयार की जाएं।

जोशी ने विवेकानंद कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा और गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के जरिए जलवायु अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों पर नया प्रोजेक्ट शुरू करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि शोध के नतीजों के आधार पर किसानों को जलवायु अनुकूल खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और पहाड़ से पलायन रुकेगा।

मंत्री ने कहा कि कृषि अनुसंधान और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना समय की मांग है। उत्तराखंड जैसी भौगोलिक परिस्थितियों में अनुसंधान संस्थानों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में, राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल निर्देशन में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक और लाभकारी बनाने तथा युवाओं को कृषि से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments