आधी रात दून पुलिस ने घेरा तो बदमाश ने चला दी गोली, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; चेन स्नैचिंग का खुलासा

देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ से हड़कंप मच गया। हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह रुकने के बजाय टी-स्टेट की ओर तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा पर सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर आरोपी की स्थिति और घटना से संबंधित जानकारी भी ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुठभेड़ में घायल आरोपी आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नाम 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में सामने आया था। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा भी दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस ने 14 अगस्त को हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके साथ जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने चोरी और चेन स्नैचिंग की कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments