

देहरादून। दून पुलिस ने एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चल रहे ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत डोईवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चरस तस्करी में लिप्त चाचा-भतीजे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 30 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UK07FJ-9441) को भी सीज किया गया है।
घटना 20 अगस्त 2026 की है, जब कोतवाली डोईवाला पुलिस टीम ने अठूरवाला रोड स्थित गुलाब होटल के पास आकस्मिक चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी में उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध चरस मिली, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव (22) पुत्र राजेश और कृष (19) पुत्र संगीत, निवासी मोथरोवाला सपेरा बस्ती, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों खुद भी नशे के आदी हैं और बरामद चरस को एक स्थानीय व्यक्ति से खरीदकर नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में थे।
मामले में कोतवाली डोईवाला में मु0अ0सं0-251/2026 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्त कृष का पूर्व में भी कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास (मु0अ0सं0-441/2024) दर्ज है।

पुलिस टीम में व.उ.नि. मनोहर सिंह रावत, उ.नि. आदित्य सैनी (चौकी प्रभारी लालतप्पड़), अ.उ.नि. मनोज कुमार, हे.का. विनोद कुमार, हे.का. राजीव कुमार, हे.का. देवेंद्र सिंह नेगी, कानी. रविंद्र टम्टा और कानी. हरीश उप्रेती शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने “ड्रग्स फ्री देवभूमि” के लक्ष्य को साकार करने के लिए समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नशा तस्करों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दून पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऐसी सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Recent Comments