मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल–2026 : महिला और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

सीएम धामी ने किया लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों का सम्मान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत चौपाल–2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर्पित है। योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है, जिनमें 8 हजार से अधिक महिला उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों की सदस्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन सत्र में घोषणा की कि देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांवों में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव अब प्रदेश के विकास में सहभागी ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाओं को 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है, जिनमें से 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनने में सफल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति पहाड़ी मसालों, मंडुवा, झंगोरा, शहद, अचार, हस्तशिल्प और ऊनी उत्पादों को व्यवसाय का रूप देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांव के उत्पादों को बड़े शहरों तक पहुंचाने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज नामक अंब्रेला ब्रांड तैयार कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए वोकल फॉर लोकल और लोकल टू ग्लोबल जैसे मंत्रों को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता जताई।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण उद्यमिता का एक बड़ा उद्देश्य पलायन रोकना है। इसी दिशा में सरकार ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) के माध्यम से निर्धन परिवारों को आजीविका से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी 13 जनपदों में उद्यमशाला चौपाल आयोजित की जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें।

आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया। साथ ही उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की वार्षिक रिपोर्ट और विभिन्न प्रशिक्षण मॉड्यूल का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर और सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments