नौकरी के नाम पर 32 लाख की धोखाधड़ी करने वाला नटवरलाल नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार

शादी डॉट कॉम से हुई थी पहचान, ड्रग इंस्पेक्टर बनकर वादिनी को दिया था नौकरी और शादी का झांसा

देहरादून। नर्सिंग असिस्टेंट के साथ स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर अभियुक्त को देहरादून पुलिस ने नेपाल सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।

मामले के अनुसार 17 अगस्त को एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ महिला ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि शादी डॉट कॉम के माध्यम से हुई पहचान के बाद चारू चंद्र जोशी नामक व्यक्ति ने स्वयं को स्वास्थ्य विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर बताकर उच्चाधिकारियों से संपर्क होने का झूठा दावा किया। आरोपी ने महिला से शादी करने और स्वास्थ्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर विभिन्न तिथियों में करीब 32 लाख रुपये ऐंठ लिए। शिकायत पर धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ पहले भी नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और वह इसी तरह के प्रकरण में जेल जा चुका है। सर्विलांस के जरिए पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी लगातार ठिकाने बदलते हुए पिथौरागढ़ के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में है। इस पर पिथौरागढ़ पुलिस से समन्वय स्थापित कर टीम रवाना की गई और 21 अगस्त को आरोपी को पिथौरागढ़ के एंचोली क्षेत्र से दबोच लिया गया। पिथौरागढ़ न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे देहरादून लाया गया।

पूछताछ में आरोपी चारू चंद्र जोशी ने बताया कि वर्ष 2016 में वह स्वास्थ्य विभाग में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर नियुक्त था। वर्ष 2022 में नैनीताल में धोखाधड़ी और दुष्कर्म के मामले में जेल जाने पर उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद वह अपनी पूर्व पहचान का फायदा उठाकर नौकरी तलाश रहे युवाओं को गुमराह करने लगा और सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने लगा। उसने बताया कि वादिनी से मिली रकम का बड़ा हिस्सा उसने अपने खिलाफ पूर्व में दर्ज मामलों के समझौते में खर्च कर दिया।

आरोपी मूल रूप से बागेश्वर जिले के ग्राम सिली का निवासी है और वर्तमान में देहरादून के फ्रेंड्स कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ नैनीताल, ऋषिकेश, काशीपुर और देहरादून में धोखाधड़ी सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments