आम आदमी पार्टी ने धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन, महिला कार्यकर्ताओं ने बांधी राखी, भाईचारे और समरसता का दिया संदेश

देहरादून।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आम आदमी पार्टी उत्तराखंड के कार्यालय में हर्षोल्लास और धूमधाम का माहौल रहा। महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज और प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की बहनों ने प्रदेश सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके जवाब में डॉ. भारद्वाज ने बहनों की सुरक्षा, सम्मान और हर मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।

डॉ. युवराज भारद्वाज ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ एक पारंपरिक त्योहार नहीं, बल्कि भाईचारे, सामाजिक समरसता, महिला सम्मान और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का पर्व है। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसर वाला माहौल देना हम सभी की जिम्मेदारी है।

प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ समाज में प्रेम, विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार आवाज उठाती रही है।

महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर सामाजिक और राजनीतिक बदलाव तक अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुधा पटवाल ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में प्रेम, सुख, समृद्धि और खुशियां लेकर आए और समाज में भाईचारा, समानता और आपसी विश्वास और मजबूत हो।

इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर, महानगर अध्यक्ष दीप्ति रावत, प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पांडेय, सीपी सिंह, डीएस कौटिल्य, नसीर खान, ऊषा शर्मा, अजय बार्सिवल, अशोक सेमवाल, अक्षय शर्मा, अजय गौहर, जगदीश कोहली सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments