दूध पीने की शर्त बनी जानलेवा, कांच का दरवाजा टूटने से युवक की मौत, तीन गिरफ्तार

रायपुर के रक्षा विहार में हुआ हादसा, दोस्तों के बीच जोर-आजमाइश में गई जान

देहरादून। राजधानी के रायपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 22-23 अगस्त की देर रात कंट्रोल रूम के जरिए थाना रायपुर को सूचना मिली कि रक्षा विहार मुस्लिम बस्ती में एक व्यक्ति कांच से घायल हुआ है, जिसे साथियों ने इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई। मृतक की पहचान इफ्तिखार के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे आगे की कार्यवाही के लिए मोर्चरी भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, एसपी ग्रामीण और सीओ डोईवाला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक इफ्तिखार और आरोपी अनस आपस में मित्र थे। घटना वाली शाम दोनों अनस के कार्यालय में साथ बैठे थे, जहां दूध पीने को लेकर उनके बीच शर्त लगी। शर्त के तहत दोनों ने एक-एक किलो दूध पिया और इसके बाद आपस में जोर-आजमाइश करने लगे। इसी दौरान धक्का लगने से इफ्तिखार कांच के दरवाजे पर जा गिरा और टूटे शीशे का टुकड़ा उसके दाहिने हाथ की बगल में घुस गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। साथियों ने उसे तुरंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आंचल डेरी रोड, रायपुर से तीन नामजद आरोपियों— आरीश (28), अनस (22) और जावेद (23), सभी निवासी रक्षा विहार, चूना भट्टा— को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments