

किच्छा/ऊधमसिंहनगर। “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ रेंज के परिक्षेत्रीय SOTF और कोतवाली किच्छा, ऊधमसिंहनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 40 वर्षीय एक तस्कर को 283 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। घटना की जानकारी सार्वजनिक करते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अकबर पुत्र बन्ने अली, निवासी रहमानपुर, थाना बिसारगंज, जनपद बरेली (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, क्रियान्वित छापा मार अभियान के दौरान अभियुक्त के कब्जे से कुल 283 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस टीम में प्रभारी SOTF, कुमाऊँ रेंज मय टीम के साथ उपनिरीक्षक पवन जोशी (कोतवाली किच्छा) व कांस्टेबल उमेद गिरी (चौकी दरऊ, थाना किच्छा) शामिल थे। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई कुमाऊँ पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही सतत् और लक्षित मुहिम का हिस्सा है।
कुमाऊँ पुलिस ने कहा कि “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” कार्यक्रम के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और नशामुक्त, सुरक्षित उत्तराखण्ड के निर्माण में योगदान देना है।

Recent Comments