

देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक” के तहत 23/08/2026 की रात में नगर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा किया गया और विभिन्न टीमों ने सीमावर्ती चौक-पोस्ट व आंतरिक मार्गों पर आकस्मिक जांचें कीं।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और उनकी 21 गाड़ियाँ सीज की गईं। ड्रिंक एंड ड्राइव व अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 55 वाहनों को सीज किया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 53 चालकों के खिलाफ एम.वी. एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई कर कुल ₹32,500/- का जुर्माना किया गया जबकि 47 वाहनों के विरुद्ध कोर्ट में चालान किए गए।


अभियान के दौरान कुल 700 से अधिक वाहनों की जांच की गई और 900 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी सत्यापन-संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। रात में अनावश्यक रूप से घूम रहे 57 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाया गया। इसके अतिरिक्त 84 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर कुल ₹21,750/- का जुर्माना लगाया गया।
एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र की शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने वाले छात्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करें। साथ ही रात्रि में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और अराजक तत्वों पर नकेल कसने हेतु बार-बार स्थान बदलकर सघन चेकिंग अभियान जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।


दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंगियों व सार्वजनिक शान्ति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Recent Comments