

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में होटल से एसी की कॉपर वायर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में चोरी की गई 60 मीटर कॉपर वायर भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 21 अगस्त 2026 को इको दून होटल, पटेलनगर निवासी प्रभुदयाल ने कोतवाली पटेलनगर में तहरीर देकर बताया था कि होटल में लगे एसी की कॉपर तार अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा संख्या 548/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पटेलनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। प्राप्त सूचना और मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 अगस्त 2026 को चक्की टोला जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों अभियुक्तों को 60 मीटर कॉपर वायर के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के माल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अभियुक्त विवेक साहनी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है, जिसके संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ललित साहनी उर्फ लाल बुआ (18), विवेक साहनी उर्फ मार्टिन (19) और वंश यादव (19) के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल राजदीप मलिक और कांस्टेबल हरीश नेगी शामिल रहे।

Recent Comments