

हल्द्वानी रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को सही ठहराने पर कांग्रेस ने जताई कड़ी आपत्ति
देहरादून । उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद किए गए कथित ‘शुद्धिकरण’ को सही ठहराया है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यसभा में भाजपा नेता जेपी नड्डा के वक्तव्य से अलग रुख अपनाते हुए कहा कि रामलीला मैदान में रैली के दौरान कथित रूप से गंदगी हुई और उसके बाद शुद्धिकरण किया गया तो इसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह बयान केवल मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान नहीं, बल्कि देश के करोड़ों दलितों, वंचितों और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों की भावनाओं का भी अपमान है।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक वरिष्ठ दलित नेता और संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति की सभा के बाद सार्वजनिक स्थल के ‘शुद्धिकरण’ को उचित ठहराया जा रहा है। भारत का संविधान छुआछूत और जातिगत भेदभाव को स्पष्ट रूप से निषिद्ध करता है। ऐसे में किसी व्यक्ति की जाति अथवा सामाजिक पहचान के संदर्भ में ‘शुद्धिकरण’ जैसी सोच को उचित ठहराना सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा लगातार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की बात करती है, लेकिन उसके प्रदेश अध्यक्ष का बयान कथनी और करनी के अंतर को उजागर करता है। यदि किसी सार्वजनिक स्थल पर कोई अनुचित घटना हुई थी तो उसकी शिकायत अथवा कानूनी कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन किसी व्यक्ति या समुदाय की सामाजिक पहचान को लेकर ‘शुद्धिकरण’ की मानसिकता को वैध ठहराना स्वीकार्य नहीं है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि देश के वरिष्ठ सार्वजनिक नेताओं में से एक हैं। उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि खड़गे ने इस विषय को राज्यसभा में उठाते हुए इसे अपमानजनक बताया था और भाजपा नेता जेपी नड्डा ने भी इस मामले को स्वीकार किया था। ऐसे में महेंद्र भट्ट का बयान भाजपा की मानसिकता को उजागर करता है।
उन्होंने भाजपा नेतृत्व से मांग की कि वह महेंद्र भट्ट के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करे और सामाजिक समानता तथा संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करे। डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि दलित समाज के सम्मान, सामाजिक बराबरी और संविधान की मूल भावना के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान उत्तराखंड की शांतिप्रिय और सामाजिक समरसता की परंपरा के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है।

Recent Comments