

देहरादून। उत्तराखंड में सतत शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के विकास के लिए गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। हुडको के क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून और शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड सरकार के बीच अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) एवं यूआईडब्लूआईएन के अंतर्गत यह एमओयू साइन हुआ।
इस समझौते का उद्देश्य उत्तराखंड में शहरी अवसंरचना परियोजनाओं के लिए बैंक योग्य विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (Bankable DPR) तैयार करने, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और परियोजनाओं के वित्तपोषण में सहयोग करना है। इस पहल से राज्य के अर्बन लोकल बॉडीज (यूएलबीज) की परियोजना तैयार करने और वित्तीय संसाधन जुटाने की क्षमता मजबूत होगी तथा व्यवहार्य और सतत शहरी परियोजनाओं के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
एमओयू पर शहरी विकास निदेशालय की ओर से निदेशक विनोद कुमार गोस्वामी और हुडको की ओर से हुडको क्षेत्रीय कार्यालय देहरादून के क्षेत्रीय प्रमुख ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर शहरी विकास विभाग और हुडको देहरादून के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह समझौता यूसीएफ और यूआईडब्लूआईएन के माध्यम से परियोजना विकास, संस्थागत क्षमता निर्माण और वित्तपोषण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Recent Comments