संस्कृत सप्ताह के रंगमंच पर जीवंत हुए कालिदास, ‘कालिदासस्य विवाहः’ ने बटोरी वाहवाही

श्रीनगर (गढ़वाल)।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित ‘संस्कृत सप्ताह महोत्सव’ के द्वितीय दिवस का कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के उपरांत संस्कृत विभाग बिडला परिसर के विभागाध्यक्ष डॉ. विश्वेश वाग्मी ने स्वागत वक्तव्य से सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा का मूल आधार संस्कृत विद्या में निहित है, इसलिए भारत के स्व का साक्षात्कार संस्कृत के ज्ञान से ही सम्भव है।

समारोह की मुख्य वक्ता, दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. कविता भट्ट ने भारतीय दर्शन और संस्कृत साहित्य के गूढ़ अंतःसंबंधों पर सारगर्भित व्याख्यान दिया और छात्र-छात्राओं को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भारतीय ज्ञान और परम्पराओं को आज सम्पूर्ण विश्व सम्मान के साथ स्वीकार कर रहा है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृत विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. कमला चौहान ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्कृत भाषा के वैश्विक महत्व, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक परिप्रेक्ष्य में इसकी प्रासंगिकता पर बल दिया।

विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हिन्दी विभाग के आचार्य डॉ. कपिल पंवार और लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केन्द्र के आचार्य डॉ. महेंद्र पंवार ने विद्यार्थियों की नाट्य प्रतिभा की सराहना की और भविष्य में दोनों विभागों के संयुक्त तत्वावधान में नाटकों के मंचन की योजना पर विचार साझा किए।

छात्रों की मनमोहक प्रस्तुतियां:
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्कृत विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा महाकवि कालिदास के जीवन प्रसंग पर आधारित लघु नाटक ‘कालिदासस्य विवाहः’ का जीवंत मंचन रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही विद्यार्थियों ने संस्कृत के सुभाषितों का सस्वर पाठ कर भाषा के लालित्य और सौंदर्य की छटा बिखेरी।

कार्यक्रम का समापन डॉ. प्रीति के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में ध्येयमंत्र एवं शांतिपाठ का सामूहिक गायन किया गया। पूरे कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावी मंच संचालन डॉ. बालकृष्ण बधानी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments