12 घंटे में रेखा बंसल हत्याकांड का खुलासा, नौकर गिरफ्तार; मजदूरी के विवाद में दबाया था मुंह

देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या की गुत्थी दून पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में घर पर काम करने वाले 33 वर्षीय विनीत कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी का मृतका के पति से बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पैसे नहीं मिलने पर आरोपी गुस्से में आ गया और उसने वृद्धा के चेहरे पर हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया। वृद्धा के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक हाथ से दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी मृतका के हाथ से सोने का कड़ा निकालकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, खुद को पुलिस की नजर से बचाने के लिए आरोपी ने बाद में अपने कपड़े भी बदल लिए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मृतका से लूटा गया कड़ा, घटना में इस्तेमाल आरोपी का कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस से महिला की जांच कराई गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून तत्काल मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मृतका के पति की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा अपराध संख्या 360/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान विनीत कुमार का नाम सामने आया। पुलिस टीम ने आरोपी को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मृतका से लूटा गया कड़ा तथा घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहना गया कड़ा बरामद किया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी का रहने वाला है और करीब 10 वर्षों से देहरादून में परिवार के साथ रह रहा है। वह जोगीवाला रिंग रोड स्थित त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में बीजे सिक्योरिटी सर्विसेज के माध्यम से करीब दो वर्षों से रात में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था।

आरोपी दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित ‘अनुज प्रकाशन’ बुक शॉप में हेल्पर का काम भी करता था और परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मजदूरी की कुछ रकम बकाया थी। वह कई बार पैसे मांग चुका था, लेकिन भुगतान नहीं हुआ था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे जानकारी थी कि घर के पीछे का दरवाजा अक्सर खुला रहता है। उसने स्कूटी बाहर खड़ी की और घर के भीतर चला गया। उस समय रेखा बंसल घर में अकेली थीं।
आरोपी ने उनसे अपने बकाया मजदूरी के पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में हाथ में पहने कड़े से रेखा बंसल के चेहरे पर वार किया। चोट लगने के बाद वह बिस्तर पर गिर गईं और चिल्लाने लगीं।

पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह दबा दिया और कुछ देर तक दबाए रखा। जब उसे लगा कि वृद्धा की मौत हो चुकी है तो उसने उनके बाएं हाथ में पहना सोने का कड़ा उतार लिया और मौके से निकल गया। इसके बाद वह गेस्ट हाउस पहुंचा और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े बदल लिए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका से लूटा गया पीली धातु का कड़ा, घटना में इस्तेमाल उसका कड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को धारा 103(1), 309(4) और 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी विनीत कुमार पुत्र घपल्या लाल, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी ग्राम मंजयाली नौगांव, तहसील बड़कोट, थाना पुरोला, उत्तरकाशी। वर्तमान में अजबपुर कलां, देहरादून में रह रहा था।

घटना का 12 घंटे के भीतर खुलासा करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र की ओर से 5,000 रुपये तथा एसएसपी देहरादून की ओर से 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments