

देहरादून। समाज कल्याण विभाग उत्तराखंड द्वारा विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगजनों की प्रतिभा और उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न श्रेणियों में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि 3 दिसंबर 2026 को विश्व दिव्यांग दिवस समारोह में चयनित व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पुरस्कार की श्रेणियों में उत्कृष्ट एवं दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, स्व-रोजगार में रत दिव्यांग व्यक्ति, दिव्यांगों के सेवायोजक/प्लेसमेंट अधिकारी तथा उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी शामिल हैं।
आवेदकों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, नवीनतम फोटो, बायोडाटा, उपलब्धियों से संबंधित अभिलेख और 10 रुपये के स्टाम्प पर शपथ-पत्र देना होगा कि उन्हें पूर्व में राज्य स्तरीय पुरस्कार नहीं मिला है।
इच्छुक पात्र व्यक्ति अपने आवेदन तीन मूल प्रतियों में तैयार कर जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, 26 ई.सी. रोड, सर्वे चौक, देहरादून में 26 सितंबर 2026 तक जमा कर सकते हैं।

Recent Comments