दून लाइब्रेरी में सजी तस्वीरों की दुनिया, यूएनसीए प्रदर्शनी में झलका पहाड़ का हर रंग

छात्रों की फोटोग्राफी प्रतियोगिता बनी खास आकर्षण, निशंक ने की सराहना

देहरादून। उत्तराखंड न्यूज कैमरामैन एसोसिएशन (यूएनसीए) की ओर से दून लाइब्रेरी परिसर में आयोजित फोटो प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता ने प्रदेश के फोटो पत्रकारों की कला को मंच दिया। प्रदर्शनी में राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरें प्रदर्शित की गईं, जिनमें पहाड़ के संघर्ष, आपदा के पल, लोकपर्व, धार्मिक अवसर और आम जनजीवन की झलकियां शामिल थीं। इन तस्वीरों ने दर्शकों को उत्तराखंड की विविधता और बदलते सामाजिक परिदृश्य से रूबरू कराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ रहे, जबकि राज्य मंत्री पुनीत मित्तल और समाजसेवी वीर सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर तस्वीरों को बारीकी से देखा और फोटोग्राफरों की रचनात्मकता व संवेदनशीलता की प्रशंसा की। डॉ. पोखरियाल ने कहा कि फोटोग्राफी समाज का दस्तावेजीकरण करने वाला सशक्त माध्यम है और एक तस्वीर हजार शब्दों से ज्यादा असर छोड़ सकती है। उन्होंने पत्रकारिता में फोटो पत्रकारों की भूमिका को अहम बताते हुए युवा प्रतिभाओं को रचनात्मक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित फोटो प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रकृति, समाज और मानव जीवन से जुड़ी उनकी रचनात्मक तस्वीरों को खास सराहना मिली, और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार ऐसे आयोजनों का मकसद फोटोग्राफी को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को पत्रकारिता और दृश्य संचार की दुनिया से परिचित कराना भी है।

यूएनसीए अध्यक्ष राजू पुसोला ने आयोजन समिति, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार जताते हुए कहा कि एसोसिएशन आगे भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, ताकि न्यूज फोटोग्राफरों को अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता रहे और नई पीढ़ी प्रेरित हो सके। उन्होंने कहा कि समाचार फोटोग्राफर घटनाओं को इतिहास के रूप में सहेजने का काम करते हैं और ऐसी प्रदर्शनियां उनकी मेहनत को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में तीन वरिष्ठ कैमरा पत्रकारों इंद्रदेव रतूड़ी, किशोर अरोड़ा और जितेंद्र नेगी को उनके योगदान के लिए डॉ. पोखरियाल के हाथों सम्मानित किया गया। मंच संचालन सचिव मुकेश राजपूत और कोषाध्यक्ष कैलाश कंडवाल ने किया। समारोह का समापन प्रतिभागियों के सम्मान, स्मृति चिह्न वितरण और सामूहिक फोटो सेशन के साथ हुआ। प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में पत्रकार, फोटोग्राफर, छात्र-छात्राएं और कला प्रेमी पहुंचे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments